Sunday, January 9, 2011

हरियाणा के किसान ने ढूंढ़ा गणित का नया फार्मूला

कैथल गणित के सवालों पर भले ही बड़े-बड़ों के माथे पर सिलवटें पड़ने लगती हों, परंतु सौंगल गांव निवासी सातवीं पास किसान लक्ष्मन सिंह ने गुणा करने का नया फार्मूला इजाद कर सबको चौंका दिया है। इसके आधार पर गणित के कई पेचीदा सवालों को आसानी से हल किया जा सकता है। लछमन सिंह ने गत दिवस राजकीय इंटर कालेज के विद्यार्थियों के सवालों को ब्लैक बोर्ड पर हल किया तो स्कूल के अध्यापक भी दंग रह गए। लछमन ने बताया कि वह गरीबी के कारण सातवीं कक्षा से आगे नहीं पढ़ सके, लेकिन गणित विषय में उसकी रुचि शुरुआत से ही रही है। इसके चलते उसने फार्मूला तैयार किया है जिससे गणित के मुश्किल से मुश्किल सवाल का हल निकाला जा सकता है। सिंह ने दावा किया कि उनके फार्मूले से एक तो विद्यार्थियों को सवाल निकालने में आसानी होगी दूसरा समय भी कम लगेगा। अमूमन लंबी गणना के कारण या तो विद्यार्थी सवाल ही छोड़ देते है या फिर सवाल गलत हो जाता है। यह है फार्मूला लछमन ने बताया कि अपने फार्मूले से तैयार की गई गणना के बाद संख्याओं में से एक को गणना के परिणाम से भाग देकर जांच की तो दूसरी संख्या उसके भागफल में आ गई। उसकी गणना की तो फार्मूला पूरी तरह से सिद्ध हो गया। बकौल लक्षमन सिंह गणित एक ऐसी विद्या है, जिसमें परिणाम सही पाए जाने के बाद और कोई सबूत देने की जरूरत नहीं होती। यदि छात्र-छात्राएं उसके फार्मूले के तहत सवालों का हल करते हैं, तो उनके लिए बहुत ही सरलता होगी। इस फार्मूले के तहत बड़ी संख्या का गुणा चंद मिनटों में किया जा सकता है। मात्र 9 तक के पहाड़ों से विद्यार्थी बड़ी से बड़ी संख्या को हल कर सकता है। इसमें छात्रों को हासिल लगाने के झंझट से मुक्ति मिल जाती है। बारहवीं के छात्रों गौरव, कपिल, मनोज, प्रदीप और राहुल ने कहा, लछमन के तरीके से सवाल उन्हें आसानी से समझ आ गये हैं। नए फार्मूले के चलते उन्हें सवाल को निकालने में बहुत आसानी होगी और समय भी कम लगेगा। विद्यार्थियों को होगी आसानी गुलाटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गणित विषय के अध्यापक विनय गुलाटी ने बताया कि उन्होंने लछमन के फार्मूले की जांच की है। हिसाब के सवालों में यह काफी काम आ सकता है। साथ ही विद्यार्थियों को सवालों का हल निकालने में आसानी होगी।

No comments:

Post a Comment